Tuesday, 28 April 2026
Punjab
पंजाब के शंभू में रेलवे ट्रैक पर धमाका, विस्फोटक लगाने वाले के उड़े चिथड़े
पंजाब : पंजाब में रेलवे ट्रैक को निशाना बनाकर बड़ी साजिश रचने की कोशिश की गई है। राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसीसीआईएल) पर सोमवार देर रात ब्लास्ट हुआ। इसे आईडी ब्लास्ट माना जा रहा है। धमाके में रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाने वाला मारा गया। आरोपी ने यह धमाका सोमवार रात राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशन के बीच गांव बठोनिया के नजदीक डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर के रेलवे ट्रैक पर किया था।
एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने बताया कि धमाके में मरने वाला जगरूप सिंह तरनतारन के गांव पंजवड़ का रहने वाला था। उसके शव के टुकड़े करीब 100 मीटर के दायरे में बिखरे मिले थे। मौके से एक सिम मिला है, जिसकी जांच में धमाके के राज खुल सकते हैं। मृतक की पहचान के बाद खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने गांव पंजवड़ में डेरा डाल लिया है। खालिस्तान कमांडो फोर्स का मुखिया परमजीत सिंह पंजवड़ इसी गांव का था।
धमाके के कारण रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मालगाड़ियों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे रूट पर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।