ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 05 May 2026

जालंधर के पंजाब नेशनल बैंक में लॉकर से कस्टमर का गोल्ड चोरी हुआ

जालंधर के पंजाब नेशनल बैंक में लॉकर से कस्टमर का गोल्ड चोरी हुआ

जालंधर : पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के लॉकर से एक परिवार का सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, जालंधर के माई हीरा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में एक लॉकर से सोने के गहने गायब हो गए। सत नगर निवासी जतिंदर चड्डा ने आरोप लगाया है कि उनके लॉकर नंबर 336 से करीब 6 से 7 तोले सोना रहस्यमय तरीके से गायब हो गया है। गायब हुए गहनों की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पीड़ित जतिंदर चड्डा के अनुसार, उन्होंने यह लॉकर लगभग 15 साल पहले बैंक में लिया था और 2007 से सोने के गहने इसमें सुरक्षित रखे हुए थे। उनका कहना है कि 13 अप्रैल को जब उन्होंने लॉकर चेक किया था, तब सभी गहने सही सलामत थे। लेकिन आज दोपहर 11-12 बजे के करीब बैंक में कुछ और गहने रखने के लिए लॉकर खोलने पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि 6 से 7 तोले सोने के गहने गायब हैं। यह देख कर परिवार ने बैंक में हंगामा भी किया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बैंक मैनेजर से संपर्क किया। उनका आरोप है कि लिखित शिकायत देने के बावजूद बैंक प्रबंधन गहनों के गायब होने की जिम्मेदारी लेने से बच रहा है और बैंक कर्मचारियों का कहना है कि लॉकर में रखी वस्तुओं के लिए ग्राहक स्वयं जिम्मेदार होता है। पीड़ित का तर्क है कि जब लॉकर की एक चाबी बैंक के पास और दूसरी ग्राहक के पास होती है, साथ ही लॉकर के लिए शुल्क भी लिया जाता है, तो बैंक अपनी जिम्मेदारी से इंकार नहीं कर सकता।

बैंक मैनेजर ने बताया कि लॉकर वाले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।