ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 12 February 2026

पंजाब में लाल सूटकेस में लड़की की लाश मिलने का मामला : मृतका की हुई पहचान

पंजाब में लाल सूटकेस में लड़की की लाश मिलने का मामला : मृतका की हुई पहचान

पंजाब : बता दे बठिंडा के गांव बहमन दीवाना में एक दिन पहले बुधवार को लाल रंग के सूटकेस में युवती की लाश मिली थी। यह सूटकेस गांव के पास खाली जगह पर फेंका गया था। सूटकेस के पास आवारा कुत्ते घूम रहे थे और सूटकेस खींच रहे थे। सूटकेस में मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान मोगा जिले के बाघापुराना की रहने वाली मलिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है मलिका बठिंडा में अपने किसी दोस्त के साथ रहती थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को यहां कौन और कब फेंककर गया। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मलिका की हत्या किसने की और उसका बठिंडा में साथ रहने वाला दोस्त कौन था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला आपसी विवाद, प्रेम संबंध या किसी अन्य रंजिश से तो जुड़ा नहीं है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

गौरलब है कि गांव बहमन दीवाना के समीप एक खाली जगह पर लाल रंग के सूटकेस मिला था। प्रारंभिक तौर पर शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि युवती की हत्या कर शव को सूटकेस में भरकर यहां फेंका गया है। मृतका के शरीर पर काकू नाम का टैटू बना हुआ था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।