Sunday, 03 March 2024
National
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने से किया इंकार, BJP ने बनाया था उम्मीदवार
नेशनल न्यूज़ : आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में भाजपा ने चार भोजपुरी अभिनेताओं पर दांव लगाया है। इनमें से भोजपुरी के स्टार अभिनेता पवन सिंह ने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के दूसरे दिन ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया।
भाजपा ने जिन चार भोजपुरी अभिनेताओं पर दांव लगाया है उसमें से तीन दिनेश लाल यादव निरहुआ, मनोज तिवारी और रवि किशन पहले से ही भाजपा के सांसद हैं। वहीं भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह को भाजपा ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल सीट से चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है।
लेकिन, पवन सिंह ने इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स हैंडल के जरिए ऐलान किया कि वह इस सीट से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।
पवन सिंह ने रविवार को एक्स पर लिखा, ’भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास कर आसनसोल का उम्मीदवार घोषित किया लेकिन किसी कारणवश मैं आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।’ शनिवार को पवन सिंह ने भाजपा का जताया था आभार उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपना यह संदेश टैग किया है। इससे पहले शनिवार को पवन सिंह ने भाजपा द्वारा आसनसोल से लोकसभा का टिकट दिए जाने पर लिखा था, ’शीर्ष नेतृत्व को दिल से धन्यवाद।‘ उन्होंने अपने ट्वीट में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा महासचिव विनोद तावड़े का आभार व्यक्त किया था।