Wednesday, 07 October 2026
Punjab
अमृतसर में तेज रफ्तार इनोवा कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, ड्राइवर की मौत; 6 लोग घायल
अमृतसर : अमृतसर में बुधवार रात को एक दर्दनाक हादसा होने की खबर है । यहा एक इनोवा कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक शख्स की मौत और छह लोगों के घायल होने की जानकारी है।
खंडवाला इलाके में बुधवार रात तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि करीब छह लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा समेत कई लोग कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इनोवा चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। आरोपी चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, इनोवा कार खंडवाला के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान उसने सड़क पर मौजूद लोगों और ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इनोवा चालक के नशे की हालत में होने की बात कही। हालांकि पुलिस ने अभी तक चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।