ePaper Reading mode

ePaper

Sunday, 09 February 2025

दिल्ली में हार के बाद आप पार्टी ने की पहली बैठक, केजरीवाल ने बताया आगे का प्लान

दिल्ली में हार के बाद आप पार्टी ने की पहली बैठक, केजरीवाल ने बताया आगे का प्लान

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को नवनिर्वाचित विधायक सहित दूसरे नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के दौरान केजरीवाल ने सभी को मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने का आदेश दिया।

बैठक के बाद दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों को एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के साथ-साथ उन्हें अपने क्षेत्र की जनता की सेवा में जुटने का निर्देश दिया गया है। आम आदमी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा अपने वादे के अनुसार पहली कैबिनेट बैठक में महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह देने की स्कीम पास कर 8 मार्च तक उनके खाते में डाले। हम भाजपा की जवाबदेही भी तय करेंगे कि दिल्लीवालों को 200 यूनिट बिजली, सभी सुविधाओं के साथ सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और अस्पतालों में सुविधाएं पहले की तरह मिलती रहेगी। इस बैठक में सांसद संजय सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व सांसद डॉ. संदीप पाठक और दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय समेत अन्य नेता शामिल हुए।

आतिशी ने कहा कि चुनाव परिणामों को लेकर अभी विश्लेषण जारी है। इसमें पार्टी के हार के कारणों पर चर्चा होगी। पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है।