ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 29 May 2026

पंजाब में निकाय चुनाव के परिणामों में AAP पार्टी का शानदार प्रदर्शन, जानें कांग्रेस-अकाली-भाजपा का हाल

पंजाब में निकाय चुनाव के परिणामों में AAP पार्टी का शानदार प्रदर्शन, जानें कांग्रेस-अकाली-भाजपा का हाल

पंजाब : पंजाब में आज निकाय चुनाव के परिणामों में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव में अक्सर सत्तारूढ़ दल पर ही मतदाताओं का भरोसा कायम रहने की प्रथा इस बार भी कायम रही है।इस बार पंजाब में निकाय चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार आप ने 903 वार्डों में जीत दर्ज की है. कांग्रेस 362 वार्डों में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि 247 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की. शिरोमणि अकाली दल को 183 वार्डों में जीत मिली है, जबकि भारतीय जनता पार्टी 162 वार्डों में विजयी रही. बहुजन समाज पार्टी के खाते में 7 वार्ड आए हैं. चुनाव परिणाम 23 जिलों के 102 शहरी निकायों के वार्डों पर आधारित हैं.

शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के साथ ही राज्यभर के राजनीतिक दलों की नजरें परिणामों पर टिकी रहीं. राज्य चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए थे. आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक जिले में चुनाव पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतगणना कराई गई. रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के बाद मतगणना पर्यवेक्षक और सहायकों की नियुक्ति की गई ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे.

मतगणना केंद्रों पर दो-दो माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए थे. ये अधिकारी संबंधित जिले के जनरल ऑब्जर्वर की प्रत्यक्ष निगरानी में कार्य कर रहे थे और उन्हें नियमित रिपोर्ट सौंप रहे थे. आयोग ने स्पष्ट किया था कि मतगणना केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा. प्रत्येक उम्मीदवार को हर मतगणना टेबल पर एक मतगणना एजेंट नियुक्त करने की अनुमति दी गई थी. उम्मीदवार या उसका चुनाव एजेंट मतगणना हॉल में मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया पर नजर रख सकता था.