ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 14 December 2025

जालंधर में अचानक हुआ जोरदार ब्लास्ट, एक की मौत

जालंधर में अचानक हुआ जोरदार ब्लास्ट, एक की मौत

जालंधर : जालंधर के संतोखपुरा इलाके में स्थित एक कबाड़ के गोदाम में आज अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना इतनी भयानक थी कि आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं और कई घरों की खिड़कियां टूट गईं। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इलाके में भय का माहौल बन गया। मृतक की पहचान संतोखपुरा के निवासी राजिंदर के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 8 की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमाके के कारणों की जांच जारी है। स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही है। कुछ का मानना है कि यह गैस सिलेंडर फटने के कारण हुआ, जबकि अन्य का शक है कि कबाड़खाने में पड़े ग्रेनेड या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। फिलहाल इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।