ePaper Reading mode

ePaper

Tuesday, 10 March 2026

मोहाली में तेज रफ्तार ऑडी ने विदेशी युवती को मारी टक्कर, गिरते ही हुई मौत

मोहाली में तेज रफ्तार ऑडी ने विदेशी युवती को मारी टक्कर, गिरते ही हुई मौत

मोहाली : पंजाब के मोहाली में काले रंग की ऑडी ने ऐसा कहर बरपाया कि पैदल जा रही विदेशी युवती को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह लगभग 15 फीट हवा में उछलकर दूसरी तरफ गिरी और उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जो काफी भयानक है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका का नाम मावलूदा है और वह तुर्की की रहने वाली थी।

जानकारी अनुसार यह हादसा सोमवार-मंगलवार देर रात करीब 12 बजे वीआईपी रोड स्थित एमकेयर अस्पताल के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विदेशी युवती मावलूदा एमकेयर अस्पताल से किसी मरीज को देखकर अपने दोस्त के साथ पैदल जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑडी कार ने सड़क पार कर रही युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती करीब 15 फीट ऊपर उछलकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरी। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और अधिक खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के समय युवती के साथ मौजूद अभिषेक उर्फ अभी ने बताया कि मावलूदा उसकी दोस्त थी और वह तुर्की की रहने वाली थी। सोमवार रात को वह एमकेयर अस्पताल में उसकी (अभिषेक) गर्भवती पत्नी का हालचाल पूछने के लिए आई थी। जब वह दोनों एक साथ अस्पताल के बाहर मुख्य मार्ग पर पहुंचे तो ऑडी कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से उसे भी हल्की चोटें आई हैं।

बाद में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।