ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 17 December 2025

लुधियाना सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच खूनी टकराव , जेल में सुपरिटेंडेंट का फोड़ा सिर

लुधियाना सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच खूनी टकराव , जेल में सुपरिटेंडेंट का फोड़ा सिर

लुधियाना : पंजाब के लुधियाना की सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें जेल सुपरिटेंडेंट गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. यह घटना मंगलवार (16 दिसंबर) शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित केंद्रीय जेल में कैदियों के बीच किसी मुद्दे को लेकर झगड़ा हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई. इस घटना से जेल परिसर में अफरा तफरी मच गई.इस बीच हालात को संभालने के लिए वरिष्ठ जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और कैदियों को शांत कराने की कोशिश की.

बताया जा रहा है कि जब जेल सुपरिटेंडेंट कुलवंत सिद्धू अफसरों के साथ हालात शांत करने पहुंचे तो कैदियों ने उन पर भी हमला कर दिया. एक कैदी ने उनके सिर पर ईंट मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. घायल अवस्था में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं घटना से जेल में तनाव की स्थिति बन गई. हालात को देखते हुए वहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

वहीं पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को इस घटना की जानकारी दे दी गई है. मंत्री ने जेल अधिकारियों से इस घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा भारी पुलिस बल के साथ जेल परिसर पहुंचे और स्थिति पर नजर रख रहे हैं. जेल परिसर को पूरी तरह से सील कर दिया गया है. स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस और अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किए गए हैं.