Monday, 14 September 2026
Jalandhar
जालंधर हाइट्स की 14वीं मंजिल से 24 वर्षीय युवती ने कूदकर दी जान
जालंधर : शहर के जालंधर हाइट्स-2 में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिससे सोसाइटी में सनसनी फैल गई। सोसाइटी के D-ब्लॉक में रहने वाली 24 वर्षीय युवती जैसमीन ने 14वीं मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतका की पहचान जैसमीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह IPS अधिकारी कर्मवीर सिंह चहल की बेटी थी। जैसमीन ने पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स की पढ़ाई की थी। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले क्या हुआ था और युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।