ePaper Reading mode

ePaper

Monday, 24 June 2024

एलांते मॉल में टॉय ट्रेन पलटने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत

एलांते मॉल में टॉय ट्रेन पलटने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत

चंडीगढ़ : खबर है कि चंडीगढ़ के एलांते मॉल में टॉय ट्रेन पलटने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान नवांशहर निवासी 11 वर्षीय शाहबाज के रूप में हुई है। शाहबाज पिछले दिनों अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ घूमने आया था। पुलिस ने जितिंदर पाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही हैं। पुलिस ने टॉय ट्रेन को जब्त कर लिया है।

एलांते मॉल में टॉय ट्रेन के पिछले डिब्बे में 11 साल का बच्चा बैठा था और ट्रेन के पलट जाने से बच्चे की मौत हाे गई। हादसे के बाद बच्चे को जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान सुबह चार बजे उसकी मौत हो गई। जितिंदर पाल ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जितिंदर पाल की शिकायत पर पुलिस ने टॉय ट्रेन के संचालक, बापूधाम निवासी सौरभ और कंपनी के मालिकों के खिलाफ गलत इरादे और लापरवाही का मामला दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में मृतक बच्चे के पिता जतिंद्र पाल ने बताया कि वह शनिवार रात को अपने दो बच्चों, पत्नी व चचेरे भाई और उसके परिवार के साथ चंडीगढ़ घूमने के लिए आए थे। शनिवार रात वह शॉपिंग करने के लिए एलांते माल पहुंचे तो बच्चे टॉय ट्रेन में बैठने की जिद करने लगे। जतिंद्र पाल ने अपने बेटे शहबाज व चचेरे भाई के बेटे नवदीप को टॉय ट्रेन में बैठा दिया जिसके लिए उन्होंने इसके चालक को 400 रुपये किराया भी दिया। चालक ने इसकी टिकट नहीं दी। दोनों बच्चों को ट्रेन में बैठा दिया गया और ट्रेन चल पड़ी। आचनक ट्रेन अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे पीछे के डिब्बे में बैठा शहबाज नीचे गिर गया और उसका सिर जमीन से टकराया। सिर पर चोट लगने से खून बहने लगा, जबकि दूसरा बच्चा बाल-बाल बच गया।