चंडीगढ़ ( संदीप ): दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान उपद्रव के बाद हरियाणा और पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। हरियाणा के तीन जिलों में कल शाम तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में राज्य की हालत की समीक्षा की गई। बैठक के बाद राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। राज्य के दिल्ली से लगते जिलोें में इंटरनेट व टेलीकॉम सेवा बंद कर दी गई है।
पंजाब में भी पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली की घटना पर क्षोभ व्यक्त किया और राज्य में पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पुलिस से राज्य में हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा और शांति-व्यवस्था बनाए रखने को कहा।